हैदराबाद : तेलंगाना में विधानसभा चुनाव जल्दी होने की अटकलों के बीच, अगले सप्ताह भाजपा, अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा के साथ पार्टी राज्य में चुनावी बिगुल फूंक सकती है। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. लक्ष्मण ने कहा कि शाह 12 या 15 सितंबर को जनसभा को संबोधित करेंगे। गत रविवार को शाह से मुलाकात करने वाले लक्ष्मण ने कहा कि 8-9 सितंबर को दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी तेलंगाना चुनाव पर चर्चा की जाएगी।
लक्ष्मण ने पीटीआई से कहा, ‘‘शाह का संदेश था कि जब भी चुनाव होंगे, सामना करेंगे। चाहे जल्दी हों या समय पर। पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व पूरा सहयोग दे रहा है और अध्यक्ष ने खुद कहा है कि वह तेलंगाना में अभियान शुरू करने वाले हैं जिसका आरंभ इसी महीने महबूबनगर से किया जाएगा।’’
यूं तो राज्य विधानसभा चुनाव अगले साल लोकसभा चुनाव के साथ ही होंगे लेकिन अटकलें तेज हैं कि सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति जल्द चुनाव करा कर राज्य में अपने पक्ष में बने सकारात्मक माहौल को भुनाने का प्रयास कर सकती है।


Download Android App
Download iOS App



