MoU Signed Between Ministry of Tourism And IndiGo : भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (इंडिगो) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसका उद्देश्य रणनीतिक, गैर-अनन्य और गैर-वित्तीय सहयोग के माध्यम से भारत को एक पसंदीदा वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देना है। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार, अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक (पर्यटन) सुमन बिल्ला, संयुक्त सचिव हरिकिशोर एस और पर्यटन मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, इंडिगो के मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी नीतन चोपड़ा और क्रिएटिव डायरेक्टर वी. सुनील तथा इंडिगो के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इस दौरान केंद्र मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह साझेदारी मंत्रालय के प्रमुख ‘इंक्रेडिबल इंडिया’ ब्रांड को इंडिगो के व्यापक घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के साथ जोड़कर भारत के पर्यटन प्रचार को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की सहयोगात्मक पहल से भारत के पर्यटन संदेश को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने और विश्व के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में से एक के रूप में देश की स्थिति को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। समझौते के तहत, पर्यटन मंत्रालय और इंडिगो संयुक्त रूप से “इंक्रेडिबल इंडिया बाय इंडिगो” नामक एक वैश्विक संचार पहल शुरू करेंगे। यह अभियान भारत के समृद्ध और विविध पर्यटन आकर्षणों को प्रदर्शित करेगा, जिनमें सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक परिदृश्य, आध्यात्मिक स्थल, स्वास्थ्य, रोमांच, वन्यजीव और अन्य अनुभवात्मक पर्यटन उत्पाद शामिल हैं।
इंडिगो गंतव्य-केंद्रित सामग्री तैयार करेगा
इस अभियान का प्रचार डिजिटल और प्रिंट मीडिया, हवाई अड्डों पर ब्रांडिंग, इन-फ्लाइट प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रदर्शनियों और अन्य प्रचार माध्यमों के माध्यम से किया जाएगा। पर्यटन मंत्रालय “इंक्रेडिबल इंडिया” ब्रांड की संपत्तियों और प्रचार सामग्री तक पहुंच प्रदान करेगा और अभियान गतिविधियों में सहयोग के लिए जहां भी संभव हो, संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करेगा। इंडिगो गंतव्य-केंद्रित सामग्री तैयार करेगा और अपने ग्राहक जुड़ाव प्लेटफॉर्म पर भारत के पर्यटन संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित करेगा।
इस सहयोग में पर्यटन प्रचार पहलों, गंतव्य-केंद्रित अभियानों और अन्य पारस्परिक रूप से सहमत गतिविधियों में संयुक्त भागीदारी की भी परिकल्पना की गई है, जिनका उद्देश्य प्रमुख घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारत के पर्यटन आकर्षणों की दृश्यता को बढ़ाना है। यह समझौता ज्ञापन प्रारंभिक रूप से दो वर्षों के लिए वैध रहेगा। यह साझेदारी भारत की पर्यटन क्षमता को बढ़ावा देने, अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के आगमन को बढ़ाने और भारत को एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने के लिए पर्यटन मंत्रालय और इंडिगो की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।



Download Android App
Download iOS App




