असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ FIR के बाद AIMIM को एक और झटका, 30 कार्यकर्ता हुए गिरफ्तार, जानें वजह

Summary :

असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के खिलाफ संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन करने के आरोप में 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (All India Majlis-e-Ittehad-ul Muslimeen) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के खिलाफ संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन करने के आरोप में 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ओवैसी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित विभाजनकारी संदेश व पोस्ट साझा कर लोगों को उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
हिरासत में लिए गए 33 प्रदर्शनकारी 
दर्ज हुई एफआईआर को लेकर प्रदर्शन गुरुवार को किया गया था। महिलाओं समेत कुल 33 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया और सरकारी अधिकारी द्वारा लागू आदेश की अवज्ञा करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) अमृत गुगुलोथ ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत 30 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
ओवैसी के अलावा इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई है FIR
दिल्ली पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रवक्ताओं नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, विवादित संत यति नरसिंहानंद और अन्य के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर सार्वजनिक शांति भंग करने और लोगों को भड़काने वाले संदेश पोस्ट तथा साझा करने के आरोप में प्राथमिकियां दर्ज की हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि सोशल मीडिया का विश्लेषण करने के बाद प्राथमिकियां दर्ज की गयी हैं।
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कही यह बात 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उन लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं, जिन्होंने सार्वजनिक शांति भंग करने वाले और विभाजनकारी विचारों के जरिये लोगों को भड़काने वाले संदेश पोस्ट तथा साझा किए।’’ अधिकारी ने बताया कि एक मामला शर्मा के खिलाफ तथा दूसरा ओवैसी, जिंदल, नरसिंहानंद, शादाब चौहान, सबा नकवी, मौलाना मुफ्ती नदीम, अब्दुर रहमान और गुलजार अंसारी समेत कई सोशल मीडिया संस्थाओं के खिलाफ दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जानकारियों के लिए सोशल मीडिया मंचों को नोटिस भेजे जाएंगे।

Desk Team