नई दिल्ली : हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत के कारण पूरे देश मे आक्रोश है। बच्ची युवती व महिलाओं से रेप और छेड़छाड़ करने वालों को फांसी व सख्त सजा देने की मांग की जा रही है, वही राजधानी दिल्ली में पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र से विधायक अलका लांबा के साथ सोशल मीडिया पर अश्लीलता करने का मामला सामने आया है। अलका लांबा ने बुधवार को इस संबंध में सिविल लाइन थाने में शिकायत दी है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर इस संबंध में आईपीसी की धारा 509 और 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांदनी चौक निवासी सन्नी उर्फ आरडीएक्स (30) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अलका ने एक शख्स द्वारा अपने फेसबुक एकाउंट पर उनके फोटो से साथ छेड़छाड़ करने के बाद उसपर अश्लील कमेंट्स करने की शिकायत दी।
उन्होंने बताया था कि पिछले काफी समय से उनके फेसबुक पर छेड़छाड़ कर बदल दिए गए फोटो डालकर शख्स अश्लील और अभद्र कमेंट्स और मोबाइल पर फोन कर धमकी दे रहा है। अलका लांबा ने फेसबुक लाइव में बताया है कि यह एफआईआर उन्होंने इसलिए दर्ज कराई है ताकि ये मिसाल बने और समाज में बेटियों और बहनों को आरोपियों के खिलाफ आगे आकर शिकायत देने की हिम्मत मिले।
उन्होंने कहा कि अगर पुलिस उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं करती है, तो वह खुद उस आरोपी के घर जाकर उसके घुटने तोड़ देंगी। हलांकि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार को कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को तीस हजारी कोर्ट में पेश किया। मगर कोर्ट से आरोपी को बेल मिल गई।


Download Android App
Download iOS App



