‘Baba Ka Dhaba’ के मालिक कांता प्रसाद ने की आत्महत्या की कोशिश, सफदरजंग अस्पताल में भर्ती

Summary :

दिल्ली पुलिस के डीसीपी साउथ अतुल ठाकुर ने बयान दिया कि 80 साल के कांता प्रसाद को देर रात सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

एक वायरल वीडियो के जरिए चंद पलों में देश में मशहूर हुए “बाबा का ढाबा” के मालिक कांता प्रसाद ने आत्महत्या करने कोशिश की है। गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, कांता प्रसाद ने गुरुवार देर रात जान देने की कोशिश की।
बताया गया है कि कांता प्रसाद ने शराब पीने के बाद नींद की गोलियां खा ली थीं। रात में ही उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, अभी बाबा कांता प्रसाद खतरे से बाहर हैं। मामले में दिल्ली पुलिस के डीसीपी साउथ अतुल ठाकुर ने बयान दिया कि 80 साल के कांता प्रसाद को देर रात सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 
उन्होंने बताया कि कांता प्रसाद ने शराब पी थी और नींद की गोलियां खा ली थीं। कांता प्रसाद के बेटे का बयान ले लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है। हालांकि उनके इस कदम के पीछे के कारण को पुलिस अभी नहीं जान पाई है। 
गौरतलब है कि कुछ मिनट की वीडियो के जरिए ‘बाबा का ढाबा” चलाने वाले कांता प्रसाद देशभर में मशहूर हो गए थे। गौरव नाम के यूट्यूबर ने उनका वीडियो बनाकर लोगों से उनकी मदद के लिए कहा था। जिसके बाद पूरे देश से लोगों ने उन्हें आर्थिक रूप से सहायता दी थी।
उसके कुछ दिनों बाद कांता प्रसाद ने यूट्यूबर गौरव पर ही धोखाधड़ी का इल्जाम लगा दिया था। कांता प्रसाद का कहना था कि लोगों ने मदद के जो पैसे गौरव के खाते में भेजे थे उसमें से सारे उसने कांता प्रसाद को नहीं दिए। हालांकि बाद में इसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी थी। 
वहीं कुछ महीनों बाद कांता प्रसाद ने मदद के पैसों से अपना रेस्टोरेंट भी खोला था जो इसी साल लॉकडाउन के चलते बंद करना पड़ा। बीते दिनों कांता प्रसाद ने वीडियो डालकर यूट्यूबर गौरव से माफी मांगी थी। 

Desk Team