MCD में BJP को लगा बड़ा झटका, वापस AAP में शामिल हुए पवन सहरावत, नेता बोले…

Summary :

हाल ही में आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए एक पार्षद ने फिर से आम आदमी पार्टी में घर वापसी कर ली है। दरअसल बवाना से पार्षद पवन सहरावत आज एक बार फिर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

हाल ही में आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए एक पार्षद ने फिर से आम आदमी पार्टी में घर वापसी कर ली है। दरअसल बवाना से पार्षद पवन सहरावत आज एक बार फिर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। पवन सहरावत आम आदमी पार्टी के टिकट पर बवाना से पार्षद का चुनाव जीते थे, लेकिन फरवरी में स्थायी समिति के चुनाव से ठीक पहले वे भाजपा में शामिल हो गए। अब एक बार फिर उनकी घर वापसी से भाजपा को दिल्ली नगर निगम में बड़ा झटका लगा है। 
बवाना सीट से दूसरी बार प्रचंड बहुमत से चुनाव जीता
आप के वरिष्ठ नेता और राजेंद्र नगर के विधायक दुर्गेश पाठक ने पवन सहरावत का टोपी और पटका पहनकर पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान एमसीडी सह प्रभारी दीपक सिंगला भी मौजूद रहे। इस दौरान विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी, सड़क, वाई-फाई सहित सभी क्षेत्रों में केजरीवाल सरकार द्वारा किए जा रहे ऐतिहासिक कार्यों से प्रभावित होकर लोग लगातार आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं। इसी क्रम में आज पवन सहरावत की आप परिवार में वापसी हो रही है।  पवन सहरावत ने बवाना सीट से दूसरी बार प्रचंड बहुमत से चुनाव जीता है। सांगठनिक गलतफहमियों के कारण वह फरवरी में भाजपा में चले गए थे लेकिन वहां उन्हें रास नहीं आया। 
भाजपा के 104 पार्षद चुनाव जीत चुके हैं 
दुर्गेश पाठक ने कहा कि वह लगातार मेरे संपर्क में थे। सारी गलतफहमियां दूर हो गईं और आज फिर वे उसी सम्मान के साथ अपने परिवार के पास वापस आ रहे हैं। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि भाजपा के 104 पार्षद चुनाव जीत चुके हैं और वे एकजुट हैं। आप  के पार्षद पवन सहरावत ने भाजपा कार्यालय आकर पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वह वापस चला गया, यह उसकी इच्छा है। सात सप्ताह में दो बार दल बदल कर उन्होंने अपनी राजनीतिक विश्वसनीयता खो दी है।

Desk Team