बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां मंगलवार को ‘डायल 100’ सेवा की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए। इस सेवा के शुरू होने से राज्य के किसी भी क्षेत्र से 100 नंबर डायल कर पुलिस से संबंधित सेवा ली जा सकेगी। बिहार में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस सेवा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था का आकलन होना चाहिए और किसी घटना की सूचना के बाद पुलिस कितनी देर में घटनास्थल पर पहुंचती है,
इसका भी विश्लेषण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को नियंत्रण रखना पुलिस का पहला कर्तव्य है, जिसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग को आश्वासन देते हुए कहा कि जो भी सुविधा की आवश्यकता हो, सरकार उसकी पूर्ति करने को तैयार है।
मुख्यमंत्री ने इस सेवा के शुरू होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘राज्य में आज से डायल 100 की सेवा शुरू की गई है। इसके तहत अब राज्य के किसी भी हिस्से से कोई भी व्यक्ति डायल 100 पर फोन कर सकता है और पुलिस से मदद मांग सकता है।’ बताया गया है कि वारदात की सूचना मिलने के 25 मिनट के अंदर अब पुलिस घटनास्थल पर पहुंच जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



