नई दिल्ली : मायापुरी में शनिवार को हुई सीलिंग के दौरान पथराव की घटना पर आम आदमी पार्टी (आप) ने रोष जताते हुए इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। आप ने आरोप लगाया है कि सीलिंग के दौरान भाजपा के इशारे पर व्यापारियों के साथ मारपीट की गई है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि मायापुरी में अर्धसैनिक बलों ने व्यापारियों पर लाठियां और ईंट पत्थर बरसाए। हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इस घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग करते हैं।
इस घटना में व्यापारियों के साथ मारपीट के जो साक्ष्य सामने आए हैं, उससे यह साफ जाहिर होता है कि यह कार्रवाई भाजपा द्वारा करवाई गई है। क्योंकि इससे पहले भी जब कभी भी दिल्ली के व्यापारियों पर मुसीबत आई तो केन्द्र सरकार ने उनकी मुसीबत का हल निकालने के बजाय उनको और दोगुनी मुसीबतें देने का काम किया है।
वह चाहें सीलिंग का मुद्दा हो, नोटबंदी का मुद्दा हो या फिर व्यापारियों के जन-जीवन से जुड़ा हुआ अन्य कोई और मुद्दा हो। उप मुख्यमंत्री सिसोदिया ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि पहले तो भाजपा ने दिल्ली के व्यापारियों पर लाठियां चलवाईं और जब जनता ने इस मंजर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर लाइव कर दिया तो राजनीतिक नुकसान के डर से भाजपा ने दिल्ली सरकार के ऊपर आरोप लगाने शुरू कर दिये।


Download Android App
Download iOS App



