खुले नाले में कार समेत गिरकर ब्रिगेडियर के बेटे की मौत, सीसीटीवी में हुआ हादसे का खुलासा

Summary :

Delhi Crime News : वसंत कुंज साउथ के नांगल देवत स्थित खुले नाले में कार गिरने से 20 वर्षीय यशवेंद्र की मौत के मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। जिसमें हादसे से ठीक पहले कार तेज रफ्तार में मोड़ की ओर आती दिखाई दी है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि घटनास्थल पर करीब 130 डिग्री का तीव्र मोड़ है। मोड़ पर चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार नाले की दीवार को तोड़ते हुए उसमें जा गिरी। हादसे में भारतीय सेना में ब्रिगेडियर के जवान बेटे यशवेंद्र की मौत हो गई,…

Delhi Crime News : वसंत कुंज साउथ के नांगल देवत स्थित खुले नाले में कार गिरने से 20 वर्षीय यशवेंद्र की मौत के मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। जिसमें हादसे से ठीक पहले कार तेज रफ्तार में मोड़ की ओर आती दिखाई दी है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि घटनास्थल पर करीब 130 डिग्री का तीव्र मोड़ है। मोड़ पर चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार नाले की दीवार को तोड़ते हुए उसमें जा गिरी।

हादसे में भारतीय सेना में ब्रिगेडियर के जवान बेटे यशवेंद्र की मौत हो गई, जबकि उसकी महिला मित्र ने समय रहते कार से निकलकर जान बचाई। दोनों यूएस में साथ पढ़ते थे और वहीं उनकी दोस्ती हुई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हुआ है कि कार मोड़ काटने के बजाय सीधे आगे बढ़ गई। जांचकर्ताओं का मानना है कि अधिक गति और तीखे मोड़ के कारण चालक समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। यह भी सामने आया है कि मोड़ ऐसा है, जहां से सामने से आने वाले वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे यह स्थान पहले से ही दुर्घटना संभावित माना जाता रहा है।

जांच में यह भी पता चला है कि कार की टक्कर से नाले की सुरक्षा दीवार तुरंत टूट गई और वाहन पलटकर नाले में जा गिरा। दीवार अपेक्षाकृत कमजोर होने के कारण वह तेज टक्कर नहीं झेल सकी। कार में सवार दोनों युवक-युवती पानी में फंस गए। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण यशवेंद्र की मौत हो गई। उसकी महिला मित्र घायल है और उसका उपचार जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच केवल चालक की लापरवाही तक सीमित नहीं रहेगी। सड़क की बनावट, मोड़ की ज्योमेट्री, नाले की सुरक्षा दीवार, चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर, स्पीड कंट्रोल और अन्य इंजीनियरिंग पहलुओं की भी तकनीकी जांच कराई जाएगी। इसके लिए विशेषज्ञों की सहायता ली जाएगी, जो यह पता लगाएंगे कि दुर्घटना केवल तेज रफ्तार का परिणाम थी या सड़क की डिजाइन और सुरक्षा व्यवस्था में भी कोई खामी थी। पुलिस का मानना है कि विशेषज्ञों की रिपोर्ट से हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी। साथ ही भविष्य में इस स्थान पर ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम भी तय किए जा सकेंगे।

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह यशवेंद्र अपनी महिला मित्र के साथ वसंतकुंज स्थित उसके घर जा रहा था। नांगल देवत के पास मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर खुले नाले में गिर गई थी। हादसे में यशवेंद्र की जान चली गई। उनकी महिला मित्र की किसी तरह जान बची। छुट्टियों में दोनों दिल्ली घूमने आए थे। याशवेंद्र दिल्ली कैंट स्थित अपने एक मित्र के घर ठहरा हुआ था।

Sumant Chaudhary