राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में मंगलवार को अवैध निर्माण हटाने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई की। मंगोलपुरी में एक सड़क के किनारे बनी झोपड़ियों को हटाने के लिए यह अभियान चलाया गया। नगर निगम ने लगभग 400 मीटर की सड़क से अतिक्रमण हटाकर साफ कर दिया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारी विध्वंस अभियान की निगरानी करते दिखाई दिए । कार्रवाई के दौरान क्षेत्र के लोगों ने किसी तरह का विरोध -प्रदर्शन नहीं किया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नगर निगम ने पहले से ही विध्वंस प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया था और कुछ अवैध अतिक्रमण लोगों ने खुद हटा दिया। मंगोलपुरी इलाके में दूसरी बार अवैध निर्माण को हटाने के लिए बुलडोज़र चलाया गया।
इससे पहले 10 मई को हुई थी कार्रवाई
पिछले महीने की 10 तारीख को दिल्ली के मंगोलपुरी ,शाहीन बाग इलाके में नगर निगम ने इसी तरह का अभियान चलाया था। शाहीन बाग में सड़क किनारे बने कई बूथों और खोखे को नगर निगम ने तोड़ दिया था। उसी दिन यानी 10 मई को आम आदमी पार्टी के विधायक मुकेश अहलावत ने नगर निगम के अधिकारियों को तोड़फोड़ का काम करने से रोका था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।उसी तर्ज पर आज कार्रवाई के दौरान अत्याधिक पुलिस बल को तैनात किया गया , जिससे नगर निगम के अधिकारियों को कार्रवाई के दौरान विरोध का सामना न करना पड़े।


Download Android App
Download iOS App



