नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में दिव्यांगों की सुविधा के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने अपने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर दिव्यांगों के लिए एक सुविधा का विस्तार किया है। निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि दिल्ली में दिव्यांगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने और उनकी विशेष सहायता के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
इस टेलीफोन हेल्पलाइन में दिव्यांगों को वरीयता के आधार पर नंबर तीन बटन दबाने पर मतदान संबंधित समस्त जानकारी मिल सकेगी। बता दें कि वर्तमान में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से मतदाताओं की शिकायतों का पंजीकरण और निवारण किया जाता है।
निर्वाचन आयोग की इस हेल्पलाइन नंबर में पहले से ही अंग्रेजी और हिंदी भाषा में मतदान संबंधित जानकारी प्रदान की जा रही है। अब इस सुविधा का विस्तार होने के बाद दिल्ली के दिव्यांग मतदाता भी चुनाव संबंधी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इससे दिव्यांग मतदाताओं को चुनाव और मतदान को लेकर जागरुकता भी बढ़ेगी।
कॉल सेंटर में सुनीं जाएंगी दिव्यांगों की शिकायत और समस्या
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में दिव्यांग मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और दिव्यांगों को विशेष रूप से 1950 हेल्पलाइन सेवा की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए यह अनूठा कदम उठाया है।
इस हेल्पलाइन नंबर 1950 में यह नया विकल्प बनाया गया है, जिससे दिव्यांग मतदाता सीधे अपनी शिकायत या समस्या को कॉल सेंटर में अलग से दर्ज करवा सकेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय सीधे शिकायतकर्ताओं से शिकायत और उसके समाधान से संतुष्टि के बारे में जानकारी प्राप्त करेगा। शिकायतकर्ताओं के समाधान से संतुुष्ट न होने की स्थिति में शिकायत पर दोबारा कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



