नई दिल्ली : सीलिंग की मार से पीड़ित दिल्ली के व्यापारियों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राजधानी के व्यापारी एवं दुकानदारों को सीलिंग से राहत देने के लिए उपराज्यपाल व डीडीए अध्यक्ष अनिल बैजल राजनिवास में बोर्ड की बैठक में बड़ा फैसला लेंगे।
सीलिंग के मुद्दे का हल निकालने के लिए बोर्ड में सबसे अहम फैसला निर्माण में फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) को 180 से बढ़ाकर 300 करने और कन्वर्जन शुल्क घटाने के अलावा पहले से हुए निर्माण से भी अतिरिक्त शुल्क वसूलते हुए उसे नियमित करने की युक्ति अपनाई जाएगी। इस संबंध में बोर्ड बैठक में एक प्रस्ताव रखा जाएगा।
जिसके पास होने की शत-प्रतिशत उम्मीद है। राजनिवास के सूत्रों के अनुसार उम्मीद की जा रही है कि डीडीए की अहम बोर्ड बैठक के निर्णय से व्यापारी वर्ग को सीलिंग से राहत मिल जाएगी। सूत्रों कहते हैं कि सीलिंग का एक अहम कारण एफएआर का उल्लंघन करना है। इसीलिए बोर्ड बैठक में एफएआर बढ़ाने सहित सीलिंग से जुड़े कई अन्य पेच भी सुलझाए जाएंगे।
ज्ञात हो कि केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने बुधवार को सीलिंग रोकने के लिए डीडीए के मास्टर प्लान 2021 में बदलाव करने की बात कही थी। इसके लिए उपराज्यपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को डीडीए बोर्ड की बैठक होनी है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



