Inspections continue in Delhi to curb pollution : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा के लिए एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (सीएक्यूएम) की एनफोर्समेंट टास्क फोर्स (ईटीएफ) की 135वीं बैठक 20 जुलाई को आयोजित की गई। बैठक में 1 से 13 जुलाई 2026 की अवधि के दौरान प्रवर्तन कार्रवाई, निरीक्षण और अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। रिपोर्ट के अनुसार, 14 दिनों में सीएक्यूएम के फ्लाइंग स्क्वॉड ने कुल 175 निरीक्षण किए।
इनमें 17 निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (सीएंडडी) परियोजनाएं, 90 औद्योगिक इकाइयां और 68 डीजल जनरेटर (डीजी) सेट शामिल रहे। निरीक्षण में मिले उल्लंघनों के आधार पर एक औद्योगिक इकाई को बंद करने, 19 डीजी सेट सील करने, नौ अनुपालन निर्देश जारी करने तथा चार मामलों में पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (ईसी) लगाने का प्रस्ताव दिया गया है। बैठक में पिछली 134वीं ईटीएफ बैठक के बाद की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
आयोग ने बताया कि सभी कार्रवाई योग्य मामलों में संबंधित एजेंसियों ने आवश्यक कदम उठाए हैं। अनुपालन सत्यापन के बाद 25 पुनः संचालन (रिजम्पशन) आदेश जारी किए गए, जिनमें दिल्ली में दो, हरियाणा में 11, उत्तर प्रदेश में 10 और राजस्थान में दो आदेश शामिल हैं।
अभी तक फ्लाइंग स्क्वॉड 27,925 इकाइयों, परियोजनाओं और संस्थानों का निरीक्षण कर चुका है। सीएक्यूएम के अनुसार, 20 जुलाई 2026 तक फ्लाइंग स्क्वॉड 27,925 इकाइयों, परियोजनाओं और संस्थानों का निरीक्षण कर चुका है।इसके आधार पर 1,803 बंदी आदेश जारी किए गए, जिनमें से 1,446 इकाइयों को अनुपालन के बाद दोबारा संचालन की अनुमति दी गई। वहीं 126 मामलों को अंतिम निर्णय के लिए संबंधित राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों और डीपीसीसी को भेजा गया है।


Download Android App
Download iOS App




