पूर्वी दिल्ली : मयूर विहार फ्लाईओवर पर कार सवार तीन दोस्त सड़क हादसे का शिकार हो गए। उनकी तेज रफ्तार बलेनो कार संतुलन खोने के बाद डिवाइडर पर चढ़कर पोल से जा टकराई और पलट गई। घायल अतुल, प्रतीक और एक अन्य प्रतीक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस चालक के खिलाफ नशे में गाड़ी चलाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। तीनों युवकों की उम्र 26-27 वर्ष है। सभी ने शराब पी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात 12ः41 पर पुलिस को क्राउन प्लाजा के पास वाले फ्लाईओवर सड़क दुर्घटना होने की सूचना मिली थी।
जांच में पुलिस को पता चला है कि तीनों युवक गुरुग्राम से नोएडा जा रहे थे। पहले उन्होंने अक्षरधाम के पास अपने एक दोस्त को छोड़ा था। कार अतुल चला रहा था। पुलिस को कार से शराब की बोतलें भी मिली हैं। आशंका है कि युवक पार्टी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। मगर रास्ते में तेज रफ्तार होने पर चालक कार संतुलित नहीं कर पाया और ये भीषण हादसा हो गया।


Download Android App
Download iOS App



