सितारगंज : पालिकाध्यक्ष हरीश दूबे ने नवनिर्वाचित सभासदों के साथ बैठक कर नगर के हित में कार्ययोजना तैयार की। उन्होंने नालियों में पॉलीथिन डालने वालों को पकड़ने के लिए गलियों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, मकान का नक्शा पास कराने वाले दलालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, राशन की दुकानें नियमित रूप से खुलवाने आदि बिंदुओं पर रूपरेखा तैयार की।
जिन्हें शपथ ग्रहण के बाद अमल में लाने के निर्देश दिये। गुरूवार को नव निर्वाचित पालिकाध्यक्ष हरीश दूबे ने पालिका सभागार में बैठक की। जिसमें तय किया गया कि गलियों, सड़कों में फैले बिजली के तारों के मकड़जाल को व्यवस्थित कराया जाएगा। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नालियों की नियमित सफाई के लिए सभासद स्वयं निगरानी करें।
जनता की समस्याएं सुनने के लिए मंगलवार को जनता दरबार लगाया जाएगा। जिसमें समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। बीपीएल राशन कार्ड के नाम पर गरीबों का हक डकारने वाले संपन्न परिवारों के कार्डधारकों के राशन कार्ड निरस्त किये जायेंगे। आवास योजना के बचे 300 मकानों का नगरीय क्षेत्र में सर्वे कर निर्माण कराया जाएगा।
झोपड़पट्टी वालों को पक्के मकान चिन्हित करने के बाद दिए जायेंगे। कहा गया कि सस्ता गल्ला की दुकानों को नियमित रूप से खुलवाया जाएगा। इसके साथ ही गरीबों का राशन हड़पने वाले राशनखोरों को चिन्हित कर कार्यवाही कराई जाएगी। साथ ही कच्ची सड़कों को दुरूस्त व मार्गो को गड्ढामुक्त किया जाएगा। दुबे ने कहा कि विकास प्राधिकरण के नाम पर एक दलाल के लोगों से रिश्वत लेने की शिकायत मिली है। उसे रकम लौटाने की चेतावनी दी गई।
रकम नही लौटाने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि बजट के लिए वह विधायक, शासन सभी का सहयोग लेने में पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर सभासद पंकज रावत, रवि रस्तोगी, जहूर इस्लाम, मरगूब अंसारी, रहमत हुसैन, लक्ष्मण सिंह राणा, सचिन गंगवार, अकरम बेग आदि मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



