छत्तीसगढ़ कांग्रेस में टिकट बंटवारे पर बवाल

Summary :

NULL

जैसे-जैसे  विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख नज़दीक आ रही है, वैसे – वैसे राजनीतिक दलों में टिकटों को लेकर घमासान बढ़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी कुछ ऐसा ही हुआ, यहां टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस के रायपुर स्थित दफ्तर में बवाल हो गया। जब छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने गुरुवार को आगामी चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी की। इस लिस्ट में 18 नामों का ऐलान किया गया।

न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस ऑफिस में गुरुवार की रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा मचाया। जानकारी के मुताबिक, उनका बवाल रायपुर दक्षिणी सीट को लेकर था। यहां हंगामा मचा रहे कार्यकर्ताओं ने कुर्सियां और गमले तोड़ दिए. पार्टी नेता ने बताया कि रायपुर दक्षिणी सीट पर उम्मीदवार के नाम को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।

उन्होंंने कहा कि ‘इस सीट से कार्यकर्ताओं की भावनाएं जुड़ी हुई हैं, इसलिए उनके पास बोलने का हक है।’ उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेता पी एल पुनिया ने कार्यकर्ताओं से बातचीत की, जिसके बाद वो शांत हुए।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में बड़ी मशक्कत और बैठकों के बाद पांचवीं सूची जारी की है. इस लिस्ट में 18 कैंडीडेट्स के नाम घोषित किए गए हैं। इससे पहले जारी की गई चार सूची में 12, 6, 37 और 17 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया जा चुका है।

पांचवीं सूची की चर्चा इसलिए ज्यादा हो रही है क्योंकि यहां से पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी और विधायक रेणु जोगी की टिकट कट गई है। उनकी जगह विभोर सिंह को कांग्रेस ने टिकट दी है।

एएनआई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, रेणु जोगी इस बात से इतनी दुखी हैं कि उन्होंने इसे लेकर सीधा सोनिया गांधी को खत लिख दिया है।

छत्तीसगढ़ में इस बार पार्टियों का खासा ध्यान है। नक्सलियों का आंतक कम होने से इस बार चुनाव सामान्य रूप से संपन्न होने की उम्मीदें हैं. लेकिन जैसे-जैसे चुनाव करीब आ रहे हैं, नक्सलियों की गतिविधियों में तेजी आ रही है. अभी एक हफ्ता भी नहीं हुआ, जब दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने दूरदर्शन के पत्रकारों को निशाना बनाया है।

Desk Team