छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बुधवार तड़के चार बजे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान के आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा ने बताया कि सुकमा जिला मुख्यालय स्थित सीआरपीएफ के सेकंड बटालियन मुख्यालय में हरियाणा के सतलानी गांव निवासी जवान कुलदीप सिंह हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था।
जवान के बैरक में तड़के गोली की आवाज से पूरे शिविर में अफरा-तफरी मच गई। जवानों ने जब मौके पर जाकर देखा तो जमीन पर जवान कुलदीप खून से लथपथ पड़ा था। मीणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की छानबीन की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



