India International Trade Fair-2026 : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 में आयोजित उत्तराखण्ड दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया व पवेलियन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रदेश के स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों एवं उत्पादकों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं निहित हैं। राज्य के पारंपरिक उत्पाद न केवल हमारी सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन व नए बाजारों से जुड़ने के अवसर प्राप्त होते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे सभी कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और रचनात्मकता उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ ही उत्तराखण्ड को आर्थिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Download Android App
Download iOS App




