Delhi News : वैश्विक अस्थिरता और पश्चिमी देशों में जारी अशांति के दौर में श्री गुरु नानक देव जी के मानवतावादी उपदेश पूरी दुनिया का मार्गदर्शन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल के दिनों में गुरु नानक के प्रकाश पर्व पर कहा था कि गुरु साहिब की अमृतवाणी समय और भूगोल की सीमाओं से परे है। इसी संदेश को दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर चरितार्थ कर दिखाया है।
दरअसल गुरु नानक देव जी के 557वें गुरुपर्व के उपलक्ष्य में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित न्यू साउथ वेल्स संसद भवन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पहली बार दिल्ली कमेटी के सदस्यों सुखविंदर सिंह बब्बर, गुरप्रीत सिंह खन्ना और इंद्रप्रीत सिंह कोछड़ ने शिरकत की। सुखविंदर सिंह बब्बर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विश्व भर से आए विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, ऑस्ट्रेलियाई सांसदों और गवर्नर के समक्ष गुरु साहिब के ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ और आपसी भाईचारे के संदेश को प्रमुखता से रखा।
सुखविंदर सिंह बब्बर ने बताया कि यह कार्यक्रम ऑस्ट्रेलियन इंडियन स्पोर्ट्स एजुकेशनल कल्चरल सोसाइटी (एआईएसईसीएस) के संस्थापक गुरनाम सिंह द्वारा आयोजित किया गया था। इस सर्वधर्म समभाव समारोह में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी प्रमुख धर्मों के प्रचारक व प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनके अलावा स्थानीय एमएलसी, एमएलए, सांसदों और गवर्नर सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह के दौरान ऑस्ट्रेलिया में भारत के उच्चायुक्त नागेश सिंह ने दिल्ली कमेटी के तीनों प्रतिनिधियों को सम्मान चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया।


Download Android App
Download iOS App




