बादल छाए रहेंगे और कोहरा करेगा प्रभावित

Summary :

रविवार को घना कोहरा रह सकता है। 18 से 22 फरवरी के बीच मौसम खराब रहेगा। इस दौरान बुधवार और गुरुवार को ओले भी पड़ सकते हैं।

नई दिल्ली : राजधानी में शनिवार को धूप और बादलों का आना-जाना लगा रहा। दिन के समय से चली सर्द हवाओं ने ठिठुरन को बढ़ा दिया। शनिवार को अधिकतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को घना कोहरा रह सकता है। 18 से 22 फरवरी के बीच मौसम खराब रहेगा। इस दौरान बुधवार और गुरुवार को ओले भी पड़ सकते हैं।

दिल्ली में शनिवार को उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर से आई हवा पालम में करीब 15 किलोमीटर प्रतिघंटा और सफदरजंग में 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चली। सफदरजंग में 400 मीटर और पालम में 700 मीटर तक सबसे कम दृश्यता रही। शनिवार को अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री कम रहा। 16 फरवरी का अधिकतम तापमान चार वर्षों में सबसे कम रहा है।

इससे पहले 16 फरवरी को 2018 में 25, 2017 में 27, 2016 में 23 और 2015 को 27 डिग्री अधिकतम तापमान रहा था। शनिवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा है। दिल्ली में सबसे कम न्यूनतम तापमान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 9.7 डिग्री रहा। दिल्ली में एक जनवरी से 16 फरवरी की सुबह तक 70.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि 131 फीसद अधिक रही है।दिल्ली में सोमवार से मौसम दोबारा से पलटेगा।

अगले सप्ताह नया पश्चिमी विक्षोभ मैदानी भागों को प्रभावित करेगा। रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कोहरा प्रभावित करेगा। सोमवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश भी हो सकती है। मंगलवार को भी बारिश होने की संभावना बनेगी।

Desk Team