नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित के नेतृत्व में कृष्णा नगर जिला कांग्रेस कमेटी एवं पटपड़गंज जिला कांग्रेस कमेटी में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को पुलवामा में हुए आत्मघाती आतंकवादी हमले में शहीद हुए सैनिकों के प्रति कांग्रेस पार्टी द्वारा संवेदनाएं देते हुए शोक सभा में परिवर्तित कर दिया गया।
शीला दीक्षित ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के संदेश को दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी शहीद सैनिकों के सम्मान में नमन करते हुए दुख की इस घड़ी में अपनी सशस्त्र सेनाओं एवं केन्द्रीय सरकार के प्रति अपने सहयोग, समर्थन के लिए अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करती है। उन्होंने कहा कि दिवंगत शहीदों के शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी कांग्रेस पार्टी अपनी असीम संवेदनाएं प्रकट करती हैं और यकीन दिलाती है कि पार्टी प्रभावित परिवारों की हर प्रकार की मदद के लिए तैयार है।
कृष्णा नगर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुरचरण सिंह राजू की अगुवाई में जिला कांग्रेस कमेटी ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित की उपस्थिति में शहीदों की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और श्रद्धा सुमन समर्पित किए। इस मौके पर गुरचरण सिंह राजू ने शोक प्रस्ताव पढ़ा।पटपड़गंज जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश कुमार ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि शहीदों की कुर्बानी को कभी भूला नहीं जा सकता है।
कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने कहा कि सभी जिला कांग्रेस कमेटियों में पुलवामा के आत्मघाती आतंकवादी हमले में हुए शहीदों की याद में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे जिसे बाद में ब्लड बैंक में दान किया जाएगा। इस मौके पर निकाले गए कैंडल मार्च में शीला दीक्षित के अलावा कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसुफ, अरविंदर सिंह लवली, एके वालिया, डॉ. नरेन्द्र नाथ, मंगतराम सिंघल, डॉ. किरण वालिया, विपिन शर्मा, तरविंदर सिंह मारवाह, वरयाम कौर और दर्शना जाटव सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी शामिल रहे।


Download Android App
Download iOS App



