किसानों के समर्थन में CM केजरीवाल, कहा- शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोकना बिलकुल गलत

Summary :

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से किसानों को रोकना और उन पर पानी की बौछार करना बिल्कुल गलत है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से किसानों को रोकना और उन पर पानी की बौछार करना बिलकुल गलत है। विरोध प्रदर्शन के तहत किसानों ने बुधवार को अपने ट्रैक्टर-ट्रेलर के साथ पंजाब से दिल्ली की ओर कूच किया जिसे रोकने के लिए हरियाणा में सीमा पर अवरोधक लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और उन्हें दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए कम से कम 2 बार पानी की बौछार का इस्तेमाल किया गया। सीएम केजरीवाल ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना किसानों का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने ट्वीट किया, “केंद्र सरकार के तीनों कृषि बिल किसान विरोधी हैं। ये बिल वापिस लेने की बजाय किसानों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है, उन पर पानी की बौछार की जा रही है। किसानों पर ये जुल्म बिलकुल गलत है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन उनका संवैधानिक अधिकार है।”
हरियाणा सरकार ने गुरुवार को पंजाब से लगती अपनी सीमा को पूरी तरह सील कर दिया। राज्य की दिल्ली से लगती सीमा पर भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने पंजाब जाने वाली बस सेवा को निलंबित कर दिया है।

Desk Team