राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर दिल्लीवासियों से चिंता न करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में कोरोना मामलों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन कोविड-19 के रोगियों के लिए चिकित्सा देखभाल के बारे में चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं।
उन्होंने कहा कि हमने कोरोना रोगियों के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है। यदि आपके परिवार का कोई सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है, तो उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। हम कोरोना वायरस से चार कदम आगे हैं। दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं लेकिन हमने बेड, आईसीयू और वेंटिलेटर की सारी व्यवस्था कर दी है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी तरह की स्थिति से बचने के लिए हम आज एक ऐप लॉन्च कर रहे हैं। जो आपको दिल्ली के सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के बारे में जानकारी प्रदान करेगा। यह ऐप आपको हर अस्पतालों में खाली पड़े बिस्तरों की संख्या भी बताएगा।
इसके अलावा, अस्पतालों और बेड से संबंधित सभी जानकारी के लिए आप हमारी हेल्पलाइन 1031 पर कॉल कर सकते हैं। वे आपको दिल्ली के अस्पतालों में बिस्तर की उपलब्धता की स्थिति के साथ एक मैसेज भेजेंगे। उन्होंने कहा कि आज 6 हजार 731 बेड हैं, दिल्ली के अस्पतालों में 2600 मरीज हैं, तो करीब 4100 बेड खाली पड़े हैं।’
सीएम केजरीवाल ने कहा कि अभी दिल्ली में 302 वेंटिलेटर हैं, जिसमें 92 अधिकृत हैं, जबकि 210 खाली हैं. यह ऐप दिन में दो बार अपडेट किया जाएगा। सुबह 10 बजे और शाम को 6 बजे ऐप को अपडेट किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



