नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में विरोधियों को चित करने के लिए राजनीतिक पार्टियों के वीडियो वार पर दिल्ली चुनाव आयोग सख्त हो गया है। अब तक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन मामले में आयोग को तीन शिकायतें मिली, जिस पर संज्ञान लेते हुए आयोग ने आम आदमी पार्टी और भाजपा को नोटिस जारी किया है। साथ ही मंगलवार तक जबाव देने को कहा है।
दरअसल आम आदमी पार्टी द्वारा लांच किए गए लगे रहो केजरीवाल गाने में दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के फिल्म से जुड़े कुछ गानों के दृश्य को जोड़ दिखाया गया है इस पर भाजपा ने आपत्ति जताते हुए दिल्ली चुनाव आयोग को शिकायत की। भाजपा की शिकायत पर आयोग ने आप पार्टी को नोटिस जारी किया है। वहीं दूसरे मामले में भाजपा ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें फिल्म नायक के एक दृश्य में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से संबंधित वीडियो का इस्तेमाल किया गया है।
इसमें मुख्यमंत्री को दंगा भगड़ाने वाले के रूप में पेश किया गया, जिसपर आप पार्टी ने आपत्ति जताई। भाजपा के इस वीडियो को लेकर आप ने चुनाव आयोग में शिकायत की जिसपर आयोग ने भाजपा को नोटिस जारी किया है। वहीं तीसरे मामले में आप पार्टी के तरफ से एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया गया जिसमें बच्चा गाना गाते हुए और डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग और केंद्रीय निर्वाचन आयोग के आदेश के बावजूद बच्चों से संबंधित वीडियो जारी करने पर आयोग ने आप को नोटिस जारी कर मंगलवार तक रिपोर्ट देने को कहा है। बता दें कि आप के गाने लगे रहो केजरीवाल के वीडियो को लेकर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल को 500 करोड़ रुपये मानहानि का कानूनी नोटिस भी भेजा था। गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते के दौरान इस तरह के कई वीडियोज सामने आ चुके हैं जिनमें अलग-अलग दलों ने अपने विपक्षी दलों पर कटाक्ष किए हैं।


Download Android App
Download iOS App



