कोरोना : दिल्ली में कोरोना के 224 नए मामलों की पुष्टि, संक्रमितों का आंकड़ा साढ़े छह हजार के पार

Summary :

दिल्ली में अबतक कोविड-19 के 68 मरीजों की जान चली गई है। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार दिल्ली में 4,454 मरीज अब भी अस्पतालों में भर्ती हैं जबकि 2020 मरीज स्वस्थ हो गए हैं

देशभर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। वायरस से निपटने के लिए सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है। इस बीच, शनिवार को दिल्ली में कोरोना के 224 नए मामलों की पुष्टि हुई है जिसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा साढ़े छह हजार के पार हो चुका है। कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6542 तक पहुंच गई है। शनिवार को सरकार की ओर से यह जानकारी दी गई है। 
दिल्ली में अबतक कोविड-19 के 68 मरीजों की जान चली गई है। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार दिल्ली में 4,454 मरीज अब भी अस्पतालों में भर्ती हैं जबकि 2020 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इस बीच, राजधानी में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों, दिल्ली सरकार के अस्पतालों की खराब हालत, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि और केंद्र सरकार के दिल्ली के 72 लाख लोगों के लिए भेजे गए मुफ्त राशन के वितरण में खामियों के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के  विधायक सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर इनके समाधान की मांग करेंगे। विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने शनिवार को यह जानकारी दी। 
बिधूड़ी ने बताया कि दिल्ली में कोरोना के मामले रूकने का नाम नहीं ले रहे। दूसरी ओर इलाज के मामले में दिल्ली सरकार के अस्पतालों की हालत बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रेड जोन में होने के बावजूद केजरीवाल सरकार ने शराब की दुकानें खोलने का फैसला किया जिसके बाद शराब की दुकानों पर सोशल डिस्टेनसिंग की धज्जियां उड़ गईं। उसके बाद से कोरोना के मामलों में तेज वृद्धि देखी जा रही है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का कहर जारी है। देशभर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 59,662 तक पहुंच गई है और 1,981 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 17,847 लोग इस वायरस से ठीक हो कर अपने घर लौट चुके हैं। 

Desk Team