आधी रात जनरल गश्त पर निकले सीपी अनुराग कुमार, दो एसआई निलंबित एक इंस्पेक्टर लाइन हाजिर

Summary :

Independence Day : स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के लिए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार रात से बुधवार तड़के तक पूरे शहर में बड़े स्तर पर ‘जनरल गश्त’ अभियान चलाया। रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक चले इस अभियान का दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने खुद नेतृत्व किया। वह सड़कों पर उतरे और विभिन्न इलाकों में जाकर पुलिस की मुस्तैदी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसी दौरान आईजीआई एयरपोर्ट के पास राव तुलाराम मार्ग पर अवैध तरीके से गाड़ियां खड़ी मिलीं। पुलिस आयुक्त…

Independence Day : स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के लिए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार रात से बुधवार तड़के तक पूरे शहर में बड़े स्तर पर ‘जनरल गश्त’ अभियान चलाया। रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक चले इस अभियान का दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने खुद नेतृत्व किया। वह सड़कों पर उतरे और विभिन्न इलाकों में जाकर पुलिस की मुस्तैदी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इसी दौरान आईजीआई एयरपोर्ट के पास राव तुलाराम मार्ग पर अवैध तरीके से गाड़ियां खड़ी मिलीं। पुलिस आयुक्त ने इसे यातायात व्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से अनुचित पाया। सूत्रों की मानें तो उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए जवाबदेह पुलिसकर्मियों पर एक्शन लेने के लिए कहा। जिसके बाद दिल्ली कैंट टीआई सुशील कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया, जबकि ट्रैफिक जेडओ एसआई और दिल्ली कैंट थाने के एक एसआई को सस्पेंड कर दिया गया। सूत्रों की मानें तो एक अन्य जगह भी काम में कोताही पाए जाने पर पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किया गया है।

काम में कोताही बर्दाश्त नहीं

सूत्रों की मानें तो जनरल गश्त का जायजा लेने के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार रात करीब 12 बजे अचानक साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पहुंच गए, जबकि चर्चा थी कि वह नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट जाएंगे। प्लान बदलकर दूसरी जगह जाकर सुरक्षा का जायजा लेना और लापरवाही पाए जाने पर तीन पुलिसकर्मियों पर एक्शन इस बात को साबित करता है कि नवनियुक्त पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार काम में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। काम करने वालों को शाबाशी मिलेगी और कोताही बरतने वालों पर सख्त एक्शन होगा।

दिल्ली के 15 जिलों में एक साथ चला अभियान

जनरल गश्त के दौरान दिल्ली के सभी 15 पुलिस जिलों में एक साथ विशेष गश्त की गई। सभी थानों, स्पेशल यूनिट और वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान में हिस्सा लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। अभियान के दौरान स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर जोन-1) देवेश चंद्र श्रीवास्तव समेत ज्वाइंट सीपी, डीसीपी, एसीपी और थाना स्तर के अधिकारी भी सड़क पर सक्रिय नजर आए।

इस दौरान बदमाशों की धरपकड़ की गई, चोरी के वाहनों के साथ भी बदमाश पकड़े गए। संदिग्धों को पूछताछ के लिए रोका गया। हथियार और चाकू-ब्लेड के साथ भी बदमाश पकड़े गए। ड्रग्स के साथ भी कई बदमाशों को पकड़ा गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाना, संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाना तथा अपराध संभावित इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना था। इसके साथ ही बदमाशों में पुलिस का खौफ पैदा करना और आम नागरिकों को यह भरोसा दिलाना भी अभियान का अहम उद्देश्य रहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए लगातार मुस्तैद है।

सड़कों पर नाकेबंदी, 22 हजार वाहनों की सघन जांच

पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान 22,774 वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा पहले से पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज बदमाशों और ‘बैड कैरेक्टर्स’ पर भी विशेष नजर रखी गई। कुल 2,780 बैड कैरेक्टर्स की जांच की गई, जिनमें से 55 को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 65 के तहत 18,537 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं धारा 66 के तहत 2,409 लोगों पर कार्रवाई हुई। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/170 के तहत 446 मामलों में कार्रवाई की गई, जबकि धारा 126/169 के तहत 44 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। एनडीपीएस एक्ट के तहत 917 और आर्म्स एक्ट के तहत 21 मामले दर्ज किए गए।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर चौकसी बढ़ी

दिल्ली पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ही मजबूत किया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों, बाजारों, प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और प्रवेश-निकास मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। रात के समय चलाए गए ‘जनरल गश्त’ अभियान का उद्देश्य अपराध की रोकथाम के साथ-साथ यह संदेश देना भी था कि दिल्ली पुलिस किसी भी आपराधिक गतिविधि से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Sumant Chaudhary