बसपा अध्यक्ष मायावती ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों के चयन के लिए बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में बैठक बुलाई है। बसपा दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा पहले ही कर चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, मायावती की अध्यक्षता में बुधवार शाम को होने वाली बैठक में पार्टी के दिल्ली के प्रभारी सांसदों के अलावा दिल्ली प्रदेश इकाई के नेताओं को भी बुलाया गया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पार्टी नेतृत्व ने बसपा के राज्यसभा सांसदों अशोक सिद्धार्थ, राजाराम और वीर सिंह को उम्मीदवारों के चयन की प्राथमिक प्रक्रिया पूरी करने का प्रभार सौंपा है।
पार्टी के एक नेता ने बताया कि सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को बसपा अध्यक्ष की मंज़ूरी मिलने के बाद अगले एक दो दिनों में प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि आगामी आठ फ़रवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज़ कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



