Delhi : जुलेना रेड लाइट पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को जानबूझकर कार से टक्कर मारकर फरार होने वाले चालक को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कनॉट प्लेस इलाके से दबोचा गया, जबकि वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई है। आरोपी की पहचान जामिया नगर निवासी मोहम्मद मुबाशिर अब्बास (31) के रूप में हुई है। डीसीपी संजीव यादव ने बताया कि आरोपी को एसीपी सतेंद्र मोहन की देखरेख में इंस्पेक्टर महिपाल सिंह के नेतृत्व में एसआई गौरव और अंकित की टीम ने पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, 10 जून को ट्रैफिक सर्कल न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में तैनात हेड कांस्टेबल राहुल कुमार सराय जुलेना रेड लाइट पर यातायात संचालन कर रहे थे। सुबह करीब 9:45 बजे जामिया नगर की ओर से एक काली कार तेज रफ्तार में गलत दिशा से आती दिखाई दी। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते देख राहुल कुमार ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय गति बढ़ा दी और पुलिसकर्मी को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। मामले में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला काफी चर्चा में आ गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी को पकड़ा है।
गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार बदल रहा था ठिकाने
जांच में सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और मोबाइल फोन को बार-बार ऑन-ऑफ कर रहा था। इसके बावजूद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी और 12 जून को कनॉट प्लेस से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ट्रैफिक जाम से बचने और समय पर कार्यालय पहुंचने के लिए गलत दिशा में वाहन चला रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कार को जामिया नगर में छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : https://www.punjabkesari.com/delhi-ncr-news/delhi-news-delhi-police-nab-four-including/


Download Android App
Download iOS App




