दिल्ली मंत्रिमंडल ने ऑड-ईवन योजना के दिनों में चार से 15 नवंबर तक पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को दो हजार अतिरिक्त बसों को किराए पर लेने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ाने के लिए ऑड-ईवन योजना के दिनों में अतिरिक्त सीएनजी संचालित बसों को संचालित करने के परिवहन विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी। मंत्रिमंडल ने इन बसों की दरों को निर्धारित करने की भी मंजूरी दी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “विभाग ने बताया कि वायु प्रदूषण के स्तर में कमी लाने, सड़क की भीड़ को कम करने और चार से 15 नवंबर के बीच ऑड-ईवन योजना के दिनों में सार्वजनिक परिवहन में सुधार करने के लिए दिल्ली परिवहन निगम को सीएनजी संचालित दो हजार अनुबंधित कैरिज बसों को चलाने की अनुमति दी गई है।” दिल्ली परिवहन निगम को ऑड-ईवन स्कीम के दौरान निजी ऑपरेटरों से पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त बसें लेने का निर्देश दिया गया है, जैसा कि इस योजना के पहले और दूसरे चरण में किया गया था।
बयान में बताया गया, “डीटीसी इन बसों में कंडक्टर उपलब्ध कराएगी और इन बसों के संचालन से प्राप्त होने वाला राजस्व अपने पास रखेगी। जबकि इन बसों के चालकों का इंतजाम व अन्य जिम्मेदारी इनके मालिक ही संभालेंगे।”विभाग ने बताया कि निजी ऑपरेटरों को सार्वजनिक नोटिस के माध्यम से अपनी बसों की पेशकश करने के लिए कहा जाएगा, जैसा कि 2016 में पहले दो ऑड-ईवन कार्यक्रमों के दौरान किया गया था। कैबिनेट ने डीटीसी के प्रबंध निदेशक द्वारा गठित समिति की सिफारिश के अनुसार बसों की विभिन्न श्रेणियों को काम पर रखने के लिए अपनी मंजूरी दे दी है।


Download Android App
Download iOS App



