Delhi : सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के पटेल नगर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर चाकू लहराते हुए तस्वीरें पोस्ट कर गैंगस्टर जैसी छवि बनाने और लोगों में दहशत फैलाने वाले बलजीत नगर निवासी दिव्यांशु उर्फ प्रियांशु (20) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फॉलोअर्स बढ़ाने, सोशल मीडिया पर वायरल होने और इलाके में अपना रौब जमाने के लिए हथियार के साथ तस्वीरें पोस्ट करता था।
पूछताछ में उसने यह बात स्वीकार कर ली कि वह लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसा करता था। डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस की नजर इंस्टाग्राम अकाउंट एक पर पड़ी, जिसमें एक युवक खुलेआम चाकू लहराते हुए तस्वीरें पोस्ट कर रहा था। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर उसकी पहचान की।
आरोपी पहले भी दो आपराधिक मामलों में रह चुका है शामिल
एसीपी सुनील कुमार के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर नवीन कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नरेंद्र, कांस्टेबल अंकित और अजय की टीम ने लगातार तकनीकी और फील्ड जांच के बाद शादीपुर इलाके में जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। इसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे समाज में डर और अपराध को बढ़ावा मिलता है। दिल्ली पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि लाइक्स, फॉलोअर्स और वायरल होने की चाह में हथियारों के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट न करें। ऐसा करना सीधे तौर पर कानूनी कार्रवाई को आमंत्रित करता है और भविष्य पर भी गंभीर असर डाल सकता है।
यह भी पढ़ें : Aaj ka mandi ka bhav: दिल्ली की मंडी में फल-सब्जी खरीदने से पहले चक करें रेट, सेब का औसत भाव ₹9,290 प्रति क्विंटल


Download Android App
Download iOS App




