Delhi Metro Extension Plan: दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले लाखों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आने वाले समय में दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क और मजबूत होने वाला है। दिल्ली मेट्रो के फेज-4 का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है और उम्मीद की जा रही है कि साल 2026 के अंत तक तीन नए मेट्रो कॉरिडोर (Delhi Metro Corridors) आम लोगों के लिए शुरू कर दिए जाएंगे। इन नई लाइनों के शुरू होने से सफर पहले की तुलना में ज्यादा आसान, तेज और आरामदायक हो जाएगा। साथ ही सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक को कम करने में भी मदद मिलेगी।
दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro Route Map) आज राजधानी की लाइफलाइन बन चुकी है। हर दिन लाखों लोग अपने ऑफिस, कॉलेज और अन्य जरूरी कामों के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं। बढ़ती आबादी और यात्रा की मांग को देखते हुए डीएमआरसी लगातार नए रूट विकसित कर रही है। फेज-4 के तहत बनने वाले तीन नए कॉरिडोर शुरू होने के बाद मेट्रो नेटवर्क में लगभग 36 किलोमीटर का विस्तार होगा। इसका फायदा दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के यात्रियों को भी मिलेगा।
Delhi Metro 4th Phase: कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक तक नया कॉरिडोर

- फेज-4 के तहत शुरू होने वाला पहला कॉरिडोर कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक तक होगा।
- यह मैजेंटा लाइन का हिस्सा रहेगा। इस रूट पर कुल 14 स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
- इसके शुरू होने से पश्चिमी और बाहरी दिल्ली के कई इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
- इस लाइन के प्रमुख स्टेशनों में कृष्णा पार्क एक्सटेंशन, केशोपुर, पश्चिम विहार पूर्व, मंगोलपुरी कलां-वेस्ट एन्क्लेव, पुष्पांजलि, शाकुरपुर, नेताजी सुभाष प्लेस, शालीमार बाग, आजादपुर, हैदरपुर गांव, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार और दीपाली चौक शामिल होंगे।
Magenta Line Metro: मजलिस पार्क से रामकृष्ण आश्रम मार्ग तक आसान सफर

- दूसरा नया कॉरिडोर मजलिस पार्क से रामकृष्ण आश्रम मार्ग तक बनाया जा रहा है।
- यह भी मैजेंटा लाइन का हिस्सा होगा। इस रूट पर लगभग 8 स्टेशन होंगे, जिससे उत्तर और मध्य दिल्ली के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक बन जाएगी।
- इस लाइन में मजलिस पार्क, आजादपुर, गुरु तेग बहादुर नगर, नानक पियाऊ-डेरावल नगर, घंटा घर, पुलबंगश, नबी करीम और रामकृष्ण आश्रम मार्ग स्टेशन शामिल रहेंगे।
- इसके शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
Golden Line Metro: गोल्डन लाइन बनेगी एयरपोर्ट पहुंचने का नई ऑप्शन
- तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण कॉरिडोर दिल्ली एरोसिटी से तुगलकाबाद तक होगा।
- इसे गोल्डन लाइन के नाम से जाना जाएगा। करीब 23.6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 15 स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
- इस रूट के शुरू होने से दक्षिण दिल्ली और एयरपोर्ट के बीच यात्रा काफी आसान हो जाएगी।
- खासतौर पर आर.के. पुरम, वसंत कुंज, महिपालपुर और तुगलकाबाद क्षेत्र के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा।
- कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों में दिल्ली एरोसिटी, महिपालपुर, वसंत कुंज, किशनगढ़, वसंत विहार, मुनिरका, आर.के. पुरम, मोती बाग, साउथ कैंपस, एंड्रयूज गंज, जी.के.-1, नेहरू प्लेस, चिराग दिल्ली, पुष्प भवन और तुगलकाबाद शामिल हैं।
Delhi Metro New Routes: कुछ नए सेक्शन पहले ही हो चुके हैं शुरू
फेज-4 परियोजना के कुछ हिस्सों पर मेट्रो सेवा पहले ही शुरू की जा चुकी है। 8 मार्च 2026 में दो नए सेक्शन यात्रियों के लिए खोले गए थे। इनमें पिंक लाइन का मजलिस पार्क से मौजपुर सेक्शन और मैजेंटा लाइन का दीपाली चौक से मजलिस पार्क सेक्शन शामिल हैं। इन रूटों पर नियमित मेट्रो सेवा चल रही है और लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।
Delhi Metro Extension Plan: निर्माण कार्य में क्यों हुई देरी?
दिल्ली मेट्रो फेज-4 को साल 2019 में मंजूरी मिल गई थी, लेकिन परियोजना को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। शुरुआत में विभिन्न प्रशासनिक मंजूरियों में समय लगा। इसके बाद कोरोना महामारी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। लॉकडाउन और श्रमिकों की कमी की वजह से काम की रफ्तार धीमी पड़ गई।
हालांकि अब अधिकांश तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं दूर हो चुकी हैं। डीएमआरसी का लक्ष्य है कि 2026 के अंत तक इन तीनों महत्वपूर्ण कॉरिडोरों को पूरी तरह चालू कर दिया जाए, जिससे दिल्ली और एनसीआर के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें:


Download Android App
Download iOS App




