Delhi : दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फार्मास्युटिकल प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर 31,700 ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन जब्त किए।
विभाग के अनुसार, तापमान के प्रति संवेदनशील इन इंजेक्शनों को निर्धारित कोल्ड चेन मानकों का पालन किए बिना सामान्य कमरे के तापमान पर रखा गया था, जिससे उनकी गुणवत्ता और प्रभावशीलता प्रभावित होने की आशंका है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन आईपी 5 आईयू/एमएल के एक बैच को उत्पाद के लेबल पर स्पष्ट रूप से अंकित 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखने के बजाय सामान्य तापमान पर संग्रहित किया गया था। जांच में सामने आया कि मई 2026 में खरीदे जाने के बाद से यह पूरा स्टॉक कथित रूप से इसी स्थिति में रखा हुआ था।
विभाग ने यह भी पाया कि प्रतिष्ठान में रेफ्रिजरेटर मौजूद और चालू था, लेकिन उसमें कोल्ड स्टोरेज में रखी जाने वाली कोई दवा नहीं रखी गई थी। इसे ड्रग्स रूल्स, 1945 के नियम 65(17) का उल्लंघन माना गया।
जीवनरक्षक दवाओँ में भंडारण में लापरवाही बरतने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
दवा की गुणवत्ता से जुड़े संभावित जोखिम को देखते हुए ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत पूरा स्टॉक जब्त कर लिया गया। विभाग ने संबंधित बैच की पहले से बाजार में वितरित दवाओं का विवरण भी जुटा लिया है, ताकि उनकी बिक्री पर रोक लगाने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें वापस मंगाने (रिकॉल) की कार्रवाई की जा सके। मामले में अधिनियम और नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी दवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मरीजों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और जीवनरक्षक दवाओं के भंडारण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
मंत्री ने ड्रग्स कंट्रोल विभाग को पूरे दिल्ली में निरीक्षण अभियान और औचक जांच तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि दवा भंडारण और गुणवत्ता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन-स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ें : ‘सक्षम’ से सरकारी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा, विज्ञान, नवाचार व स्वास्थ्य सुविधाओं को मिल रही गति: CM रेखा गुप्ता


Download Android App
Download iOS App




