15 अगस्त से पहले चाइनीज मांझे पर दिल्ली पुलिस का बड़ा प्रहार ,384 रोल के साथ तीन दुकानदार गिरफ्तार

Summary :

Delhi Police Takes Major Action Against Chinese Manjha : राजधानी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। आउटर और उत्तर-पूर्वी जिले की अलग-अलग टीमों ने निहाल विहार, ज्योति नगर और नंद नगरी इलाके में छापेमारी कर कुल 384 रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि आउटर जिला पुलिस की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल को सूचना…

Delhi Police Takes Major Action Against Chinese Manjha : राजधानी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। आउटर और उत्तर-पूर्वी जिले की अलग-अलग टीमों ने निहाल विहार, ज्योति नगर और नंद नगरी इलाके में छापेमारी कर कुल 384 रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि आउटर जिला पुलिस की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल को सूचना मिली थी कि निलोठी एक्सटेंशन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की जा रही है। सूचना पर इंस्पेक्टर रितेश के नेतृत्व में गठित टीम ने निहाल विहार थाना पुलिस और पीएफए अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक भवन से 300 रोल चाइनीज मांझा बरामद किया गया।

वहीं, पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। 80 रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद। वहीं, डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि उत्तर-पूर्वी जिले की ज्योति नगर थाना पुलिस ने अशोक नगर स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर 80 रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया और दुकान संचालक ऋषभ जैन (24) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मांझा सप्लाई करने वाले व्यक्ति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नंद नगरी थाना पुलिस ने शाह डेयरी वाली गली में छापा मारकर चार रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया और दुकान संचालक आमिर खान (32) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों मामलों में यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा कहां से लाया जा रहा था और इसके वितरण नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की खरीद-बिक्री और उपयोग से बचें, क्योंकि इससे पक्षियों, दोपहिया वाहन चालकों और आम लोगों की जान को गंभीर खतरा रहता है। किसी भी स्थान पर ऐसे मांझे की बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।

 

Sumant Chaudhary