Delhi Police Action On Chinese Manjha : स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज और प्लास्टिक मांझे के खिलाफ भी अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 1,518 रील प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित मांझा कहां से दिल्ली पहुंचा और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि क्राइम ब्रांच की वेस्टर्न रेंज-1 की टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज/प्लास्टिक मांझा लेकर रघुबीर नगर इलाके में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घोड़े वाला मंदिर के पास निगरानी शुरू की। करीब रात दो बजे ख्याला की ओर से एक रेनॉल्ट ट्राइबर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के सामने कार को रोककर उसमें सवार राजेश, असद और सोहेल को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार से 1,398 रील प्रतिबंधित मांझा बरामद हुआ। वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने जब्त किए 110 चाइनीज मांझे की रील
इसी दौरान डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने भी स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी। एएटीएस सेंट्रल की टीम ने हौजकाजी इलाके में एक आरोपी मोहम्मद अनस के घर से 110 रील चाइनीज मांझा बरामद किया। वहीं पहाड़गंज के गली डोर वाली इलाके में दुकान से दीपक के कब्जे से आठ प्रतिबंधित मेटल-कोटेड मांझा मिला।
दरियागंज इलाके में पुलिस ने अमीर आजम को पकड़कर उसके कब्जे से दो रोल प्लास्टिक/चाइनीज मांझा बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंधित मांझा न केवल लोगों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है, बल्कि पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा है। स्वतंत्रता दिवस के आसपास पतंगबाजी बढ़ने के कारण पुलिस ने इसके अवैध भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल पर विशेष निगरानी शुरू की है। सभी मामलों में संबंधित थानों में बीएनएस की धारा 223 के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।



Download Android App
Download iOS App




