15 अगस्त से पहले पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट, छतों से पार्सल एरिया तक पुलिस की पैनी नजर

Summary :

Independence Day : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली के पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मंगलवार को स्पेशल सीपी विजय कुमार, ज्वाइंट सीपी ट्रांसपोर्ट रेंज मिलिंद डुंबरे और डीसीपी रेलवे  भरत रेड्डी ने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इनके साथ पुरानी दिल्ली रेलवे के एसीपी संजय भारद्वाज, एसएचओ विजय कुमार, एटीओ अजय कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को 15 अगस्त तक विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान…

Independence Day : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली के पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मंगलवार को स्पेशल सीपी विजय कुमार, ज्वाइंट सीपी ट्रांसपोर्ट रेंज मिलिंद डुंबरे और डीसीपी रेलवे  भरत रेड्डी ने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इनके साथ पुरानी दिल्ली रेलवे के एसीपी संजय भारद्वाज, एसएचओ विजय कुमार, एटीओ अजय कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को 15 अगस्त तक विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने छत्ता रेल, पार्सल एरिया, स्टेशन की छतों और अन्य संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। अधिकारियों ने इन स्थानों पर पुलिस की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को बारीकी से जांचा। खासतौर पर ऐसे स्थानों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए, जहां से कोई संदिग्ध व्यक्ति स्टेशन परिसर में प्रवेश या बाहर निकल सकता है।

भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष फोकस

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच संदिग्ध लोगों और सामान की चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मियों को प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार, पार्सल क्षेत्र तथा आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। अधिकारियों ने किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने के निर्देश दिए।

आरपीएफ के साथ तालमेल पर जोर

वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने को कहा। साथ ही स्टेशन की सुरक्षा से जुड़े सभी संवेदनशील बिंदुओं पर संयुक्त रूप से नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को साफ तौर पर कहा कि 15 अगस्त तक सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर स्टेशन के आसपास भी सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का मुख्य फोकस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, अपराध की रोकथाम और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देने पर है।

Sumant Chaudhary