राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार 26 जनवरी को धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने कर्तव्य पथ पर होने वाले मुख्य समारोह के लिए और अन्यथा यातायात व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है। उसने बताया है कि कई रास्तों पर डायवर्जन होगा। इसके अलावा पार्किंग एरिया के बारे में भी जानकारी दी गई है। ट्रैफिक पुलिस के एडिशनल सीपी दिनेश गुप्ता ने आईएएनएस को बताया, 26 जनवरी के लिए हमने एक विस्तृत ट्रैफिक अरेंजमेंट एडवाइजरी जारी की है, जिसमें हमने लोगों को बताया है कि किन-किन रास्तों पर डायवर्जन होगा और यदि आप परेड देखना चाहते हैं तो किन रास्तों को फॉलो करें। इसके अलावा, पार्किंग एरिया में किस प्रकार से पहुंचेंगे और पार्किंग के बाद उस स्थान पर कैसे जाएंगे, इसकी पूरी जानकारी भी दी गई है।
सारे बॉर्डर होंगे सील
हमने यह सारी जानकारी सोशल मीडिया, ट्विटर, फेसबुक और प्रिंट मीडिया के जरिए व्यापक रूप से पब्लिश की है, ताकि लोग जान सकें कि 26 जनवरी के दौरान उन्हें किन-किन प्रतिबंधों का सामना करना होगा और उनका यात्रा अनुभव सुगम हो सके। उन्होंने आगे कहा, इस एडवाइजरी में हमने यह भी बताया है कि पार्किंग एरिया में पहुंचने के बाद किस तरह से दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए लोग अपनी मंजिल तक पहुंचेंगे। 25 जनवरी को रात 9 बजे से हमारे सारे बॉर्डर सील कर दिए जाएंगे और केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी जब तक परेड खत्म नहीं हो जाती।
साइन बोर्ड और गाइड डेस्क की व्यवस्था
उन्होंने कहा, हमारी अपील है कि पब्लिक हमारे द्वारा जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। हमने मार्गदर्शन के लिए साइन बोर्ड और गाइड डेस्क की व्यवस्था की है, ताकि लोग सही रास्ता पकड़ सकें और बिना किसी समस्या के अपनी यात्रा पूरी कर सकें। साथ ही, सोशल मीडिया के जरिए भी हम लगातार ट्रैफिक नियमों की जानकारी दे रहे हैं। अगर लोग हमारी एडवाइजरी का पालन करेंगे तो उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और वे आराम से अपनी यात्रा कर सकेंगे, चाहे वे परेड देखने जा रहे हों या कहीं और।


Download Android App
Download iOS App



