Delhi : राजधानी दिल्ली-एनसीआर में लगातार हुई बारिश से मिली राहत अब धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार अगले छह दिनों तक क्षेत्र में बारिश की संभावना बेहद कम है। हालांकि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर दिन के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, लेकिन मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहने के कारण वर्षा के संकेत नहीं हैं।
ऐसे में तापमान और उमस दोनों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, 14 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इन दिनों मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, जबकि किसी भी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
विभाग का कहना है कि तेज हवाएं कुछ समय के लिए राहत जरूर देंगी, लेकिन बारिश नहीं होने से वातावरण में नमी बनी रहेगी। 15 और 16 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 65 प्रतिशत और न्यूनतम 50 प्रतिशत रहने की संभावना है। मौसम का स्वरूप लगभग समान रहेगा और आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
17 और 18 जुलाई को भी मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
17 और 18 जुलाई को भी मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बादलों की मौजूदगी के बावजूद बारिश के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए भी ‘नो वार्निंग’ जारी की है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश नहीं होने के बावजूद वातावरण में नमी अधिक रहने से लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस होगी। दोपहर और शाम के समय चिपचिपी उमस परेशानी बढ़ा सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि मानसूनी हवाओं की सक्रियता इसी तरह कमजोर बनी रही तो तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
यह भी पढ़ें : महिला समृद्धि योजना का नाम बदला, अब हुई ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना, महिलाओं को हर माह मिलेंगे 2500 रुपये


Download Android App
Download iOS App




