Delhi Swaroop Nagar Rape Murder Case: दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को पकड़ा है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चाकू, वारदात के समय पहने गए कपड़े और एक टेंपो बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में जिस शव को महिला का माना गया था, उसकी पहचान होने के बाद पता चला कि मृतका नाबालिग थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ADCP लोकेश वरन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान 50 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। फुटेज में घटना के आसपास एक संदिग्ध टेंपो को आते- जाते देखा। लेकिन, रात के समय अंधेरा होने की वजह से टेंपो का नंबर साफ नजर नहीं आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर लगे कैमरों की फुटेज को जोड़कर टेंपो के आने-जाने वाले रास्ते का पता लगाया। जांच के दौरान पुलिस को टेंपो की गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी मिली। इसी आधार पर पुलिस ने गाड़ी और उसके ड्राइवर तक पहुंचने की कोशिश शुरू की।
पुलिस ने बताया कैसे हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात टेंपो खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिला। पुलिस ने उसके चालक की पहचान की और उससे पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत चार आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ के साथ ही उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए बताए जा रहे सामान को भी बरामद किया।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपितों में से एक किशोरी का कथित प्रेमी था। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले उसने अपने दोस्तों के साथ शराब पी थी। इसके बाद सभी आरोपितों ने किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों को डर था कि किशोरी उनके खिलाफ शिकायत कर सकती है। इसी आशंका में उन्होंने कथित तौर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। लेकिन, मामले में सामने आए इन सबूतों की पूरी पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के दौरान होगी। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
खुले मैदान में मिला था शव
यह घटना तब सामने आई जब 13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास एक खुले मैदान में शव पड़े होने की सूचना मिली। यह स्थान जयपाल राणा के खेत के पास बताया गया है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था।
बताया गया कि कुत्तों ने शव को नोंच दिया था। शव की हालत खराब होने की वजह से शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो सकी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीमों ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पहचान के बाद बदली जांच की दिशा
शुरुआती जांच में शव की पहचान एक महिला के रूप में हुई थी। बाद में पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि मृतका नाबालिग थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को लेकर अपनी जांच तेज कर दी।
CCTV फुटेज, संदिग्ध टेंपो और पूछताछ के आधार पर पुलिस चार आरोपितों तक पहुंची। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के दौरान वास्तव में क्या हुआ और इसमें सभी आरोपितों की क्या भूमिका थी।


Download Android App
Download iOS App




