BRICS : राजधानी में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, सरकार प्रमुखों और अन्य विशिष्ट प्रतिनिधियों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस तकनीक आधारित विशेष यातायात व्यवस्था तैयार कर रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री और अन्य मंत्रियों की आवाजाही के साथ सामान्य यातायात प्रभावित न हो और लोगों को कम से कम परेशानी उठानी पड़े, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को टोडापुर स्थित दिल्ली ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय पहुंचकर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें आगामी ब्रिक्स सम्मेलन के लिए तैयार किए जा रहे ट्रैफिक प्लान की जानकारी दी। ट्रैफिक पुलिस ने दावा किया कि सम्मेलन के दौरान वीवीआईपी आवाजाही के लिए फुलप्रूफ और तकनीक आधारित इंतजाम किए जाएंगे।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने राजधानी में यातायात जाम, सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि ट्रैफिक पुलिस जाम वाले प्रमुख स्थानों की पहचान कर वहां सक्रिय रूप से प्रबंधन करे। यातायात अनुशासन तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ाने के साथ संबंधित सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जाए।
तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि दिल्ली की यातायात व्यवस्था में सुधार केवल पुलिस के स्तर पर संभव नहीं है। इसके लिए नागरिकों की भागीदारी और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने सुरक्षित सड़कों और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए तकनीक आधारित और नागरिक केंद्रित व्यवस्था पर जोर दिया। इस दौरान अधिकारियों ने उपराज्यपाल को ट्रैफिक पुलिस की विभिन्न पहलों की जानकारी भी दी।
इनमें नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए ‘ट्रैफिक पाठशाला’, नागरिक एजेंसियों और अन्य पक्षों को यातायात सुधार से जोड़ने के लिए ‘ट्रैफिक पंचायत’ तथा खतरनाक यातायात उल्लंघनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान शामिल हैं। समीक्षा के दौरान विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) अजय चौधरी, संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) संजय त्यागी, तीन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, यातायात पुलिस के डीसीपी और एसीपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App




