नई दिल्ली : करीब ढाई महीने बाद राजधानी दिल्ली की आबोहवा एक बार फिर प्रदूषित होनी शुरू हो गई है। गुरुवार और अब शुक्रवार दोनों दिन दिल्ली में हवा की स्थिति बिगड़ती दिखी। शुक्रवार की बात करें तो सुबह यह घटिया कैटेगरी में रही। इसके साथ राजधानी के अधिकतर इलाके में धुंध छाई रही।
शुक्रवार को पीएम 2.5 मॉडरेट कैटेगरी (185) और पीएम 10 घटिया कैटेगरी (201) रहा। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 211 तक पहुंच गया था। उधर, दिल्ली में हवा की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड(सीपीसीबी) ने दिल्ली-एनसीआर के सभी संबंधित डिपार्टमेंट को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। हवा बिगड़ने के पीछे पराली जलना भी वजह है।
सफर के मुताबिक, हरियाणा, यूपी के अलावा दिल्ली से सटे क्षेत्रों में भी पराली के कुछ मामले सामने आए हैं। पराली जलने के ये मामले लगभग दोगुने हो गए हैं। इसी वजह से दिल्ली ही नहीं, एनसीआर में भी प्रदूषण बढ़ा है। उधर, सीपीसीबी ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ एनसीआर की ट्रैफिक पुलिस को गाड़ियों की चेकिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सफर के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली की हवा में प्रदूषक तत्व बढ़ रहे हैं। अगले दो दिनों में हालात खराब हो सकते हैं।
केजरीवाल ने जाहिर की चिंता… राजधानी में प्रदूषण के बढ़ते स्तर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी चिंतित हो गए हैं। शुक्रवार सुबह उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि ‘वर्ष के बाकी महीनों में दिल्ली का प्रदूषण 25 प्रतिशत तक कम हुआ, लेकिन अक्टूबर-नवंबर में पड़ोसी राज्यों से फसल जलने का धुआं लगातार बढ़ता जा रहा है। यह धुआं लगातार दिल्ली की ओर आना शुरू हो गया है।
हम दिल्ली वाले अपने स्तर पर जो मुमकिन है, वे सब कदम उठा रहे हैं। ऑड-इवन, दिवाली, कूड़ा जलना, धूल उडऩा आदि। अपने अगले ट्वीट में सीएम ने सुप्रीम कोर्ट, एनजीटी, केंद्र सरकार, पंजाब और हरियाणा की सरकारों से उम्मीद की है कि प्रदूषण को हमेशा के लिए समाप्त करने में ठोस कदम उठाएगी।


Download Android App
Download iOS App



