महाराष्ट्र चुनाव: शिवसेना ने जारी किया घोषणा पत्र, आरे जंगल और 10 रुपये में खाना समेत किए ये वादे

Summary :

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। आदित्य ठाकरे की अगुवाई में शनिवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने घोषणा पत्र जारी किया।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। आदित्य ठाकरे की अगुवाई में शनिवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने घोषणा पत्र जारी किया। शिवसेना के इस मेनिफेस्टो में बाला साहेब ठाकरे, उद्धव ठाकरे और आदित्य की भी तस्वीर है। मुंबई में पार्टी के मैनिफेस्टो घोषणा के दौरान शिवसेना की नेता प्रियंका चतुर्वेदी भी मौजूद रही।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में शिवसेना और भाजपा के साथ मिल कर चुनाव लड़ रही है लेकिन घोषणापत्र को लेकर सहमति न बन पाने की वजह से शिवसेना ने अलग घोषणापत्र जारी करने का फैसला किया। शिवसेना ने अपने मेनिफेस्टो में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों की शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को दुरुस्त करने का वादा किया गया है। 
इसके अलावा इसमें (मैनिफेस्टो में) मुंबई की आरे कॉलोनी को वन क्षेत्र घोषित कराए जाने, 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने समेत कई मुद्दों पर बड़े वादे किए गए हैं। इस मौके पर किसानों की बात करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि भूमिपुत्रों का मुद्दा हमारा पहले से था। कांग्रेस और राकांपा सहित अलग-अलग पार्टियों को आज भूमिपुत्रों की याद आई है। उन्होंने कहा कि कर्ज माफी नहीं तो कर्ज मुक्ति का किसानों को वचन देता हूं। उन्होंने कहा कि शिंदे कहते हैं कि हम थक गए हैं। आप बताइए थके हुए लोगों से आपकी परेशानियां दूर हो पाएंगी क्या? 
उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि मैंने अब तक जो वादे किए हैं वो पूरे किए है। मैं हर चीज को सोच कर वचन देता हूं। 10 रुपए में खाना देने की योजना राज्य की तिजोरी को ध्यान में रखकर दिया है। एक रुपए में गरीब से गरीब व्यक्ति को हर तरह की दवाइयां मिल सके इसकी हमारी कोशिश है।

Desk Team