झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार को एक पिता ने अपने 17 वर्षीय बेटे को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला। पुलिस ने नरकोपी के बोबरो गांव स्थित सिया टोली में उसके घर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं मौके पर आरोपी पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
पिता ने सो रहे बेटे के सिर पर कुल्हाड़ी से किया वार
परिजनों ने बताया कि पिता देवनाथ उरांव अक्सर घर से बाहर भागने की कोशिश करता था। जिसके चलते उसका बेटा नितेश उरांव उसे घर में बंद रखता था। सोमवार सुबह चार बजे नितेश घर में सो रहा था। इसी दौरान पिता ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय नितेश की मां भी घर में मौजूद थी। वह आवाज सुनकर मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बेटे की मौत हो चुकी थी।
नौवीं कक्षा का छात्र था मृतक
बेटे की हत्या करने के बाद आरोपी पिता खुद घर से बाहर निकला और लोगों को बताया कि उसने अपने बेटे की हत्या कर दी है। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। नितेश अपने परिवार में इकलौता बेटा था। वारदात के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, मौके पर एएसआई शिव कुमार पुलिस बल के साथ पहुंची। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है।
मृतक नितेश नौवीं कक्षा का छात्र था। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेज दिया है। अब पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर जांच कर रही है कि हत्या के पीछे असल कारण क्या है।


Download Android App
Download iOS App




