नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह 8.30 बजे आद्र्रता का स्तर 100 फीसदी दर्ज हुआ, जिससे अचानक से प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आईएएनएस को बताया कि दिन में हल्की धुंध के साथ आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
सुबह नौ बजे प्रमुख प्रदूषक पीएम2.5 का दिल्ली के आसपास स्तर 273 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर और एनसीआर में 272 रहा, जो अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित सीमा से करीब 10 गुना ज्यादा रहा। वायु गुणवत्ता प्रणाली एवं मौसम पूर्वानुमान व अनुसंधान (सफर) के मुताबिक, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 0 से लेकर 500 के पैमाने पर 379 था। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बारिश की संभावना के चलते 23 जनवरी को वायु गुणवत्ता और दृश्यता में सुधार आने की बात कही है। वहीं, गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो जनवरी में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



