नई दिल्ली : दिल्ली में आगामी लोकसभा चुनाव के रण की तैयारी शुरू हो गई है। बेशक अभी रणभेरी न बजी हो, लेकिन तीनों प्रमुख पार्टियों के संभावित उम्मीदवार और टिकटार्थी अपने अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं। एक तरफ जहां वे अपने क्षेत्र में कार्यक्रम कर लोगों को अपने समर्थन में लाने की कोशिश कर रहे हैं, तो वहीं पोस्टरों के माध्यम से ताल भी ठोंक रहे हैं। बात विकास मार्ग की करें तो अब तक लगे पोस्टरों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में ही सिधी लड़ाई दिख रही है। इस मामले में भाजपा यहां तीसरे नंबर पर पिछड़ती दिख रही है।
लक्ष्मीनगर से अगर कड़कड़ी मोड़ की तरफ चलें तो मेट्रो के सभी पिलरों को चुनाव के रंग में रंगता हुआ देखा जा सकता है। वालिया नर्सिंग होम तक तो प्रचार के लिए दिए गए स्थानों पर दिल्ली सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी उपिस्थति दर्ज कराई है, तो उनके नीचे आम आदमी पार्टी की तरफ से पूर्वी दिल्ली की प्रभारी आतिशी मुस्कुरा कर अपनी उपस्थिति का अहसास करा रही हैं। यह सिलसिला निर्माण विहार रेड़ लाइट तक चलती है।
इसके बाद आतिशी की जगह पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ले लेती हैं। एक स्थानीय नेता के साथ वह भी करीब प्रीत विहार मेट्रो स्टेशन तक के सभी मेट्रो पिलरों पर नजर आ जाती हैं। इस दौरान इक्का दुक्का पिलरों पर भाजपा की तरफ से कुलजीत चहल भी नजर आ जाते हैं। वहीं प्रीत विहार मेट्रो स्टेशन से आगे भाजपा की तरफ से वर्तमान विधायक ओपी शर्मा के भी कुछ पोस्टर दिख रहे हैं, लेकिन आतिशी और शीला दीक्षित के सामने वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान ही लग रहा है।
इसे लेकर चर्चा है कि आम आदमी पार्टी की तरफ से लगभग यह तय है कि इस लोकसभा क्षेत्र में वही पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगी, वहीं दिल्ली के इस इलाके में अपनी पुरानी लोकप्रियता और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित की मां होने के नाते शीला दीक्षित दिखाई दे रही हैं। वहीं भाजपा में अभी यह तय नहीं है कि पार्टी वर्तमान सांसदों को ही मैदान में उतारेगी या सेनापति बदलेगी। शायद यही वजह है कि यहां भाजपा थोड़ा पीछे दिखाई पड़ रही है। वहीं भाजपा समर्थकों का कहना है कि पार्टी अभी पोस्टर से ज्यादा जमीन पर काम कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



