96 घंटे में 4.78 करोड़ की ड्रग्स जब्त, छह अफ्रीकी नागरिक समेत 19 धरे

Summary :

West Delhi Crime News : पश्चिमी डिस्ट्रिक्ट में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने 96 घंटे तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ और एंटी नारकोटिक्स टीम ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए करीब 4.78 करोड़ रुपये कीमत के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें छह अफ्रीकी नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अफीम, गांजा और कोकीन समेत अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इस विशेष अभियान में कुल 17 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज…

West Delhi Crime News : पश्चिमी डिस्ट्रिक्ट में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने 96 घंटे तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ और एंटी नारकोटिक्स टीम ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए करीब 4.78 करोड़ रुपये कीमत के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें छह अफ्रीकी नागरिक भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अफीम, गांजा और कोकीन समेत अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इस विशेष अभियान में कुल 17 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, इनमें आठ मामलों में बरामदगी कमर्शियल क्वालिटी की रही, जबकि नौ मामलों में इंटरमीडिएट क्वालिटी में नशीले पदार्थ मिले। ज्वाइंट सीपी वेस्टर्न रेंज सुमन गोयल के मार्गदर्शन और डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी की देखरेख में एसीपी राजेश कुमार, जय प्रकाश और गरिमा तिवारी के साथ इंस्पेक्टर राजेश मौर्य और नारकोटिक्स इंस्पेक्टर अमित धानी की टीमों ने कार्रवाई की है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से होती थी और इसे दिल्ली के किन इलाकों में पहुंचाया जाना था। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

साउंड बॉक्स बना अफीम छिपाने का ठिकाना

पुलिस की कार्रवाई में एक आरोपी ने नशीले पदार्थ को छिपाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसने जांच टीम को भी चौंका दिया। आरोपी साउंड बॉक्स के अंदर अफीम छिपाकर उसे लेकर जा रहा था। पुलिस को शक होने पर जब सामान की जांच की गई तो साउंड बॉक्स के अंदर छिपाकर रखा गया नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने साउंड बॉक्स के अंदर अफीम छिपाने की योजना कब बनाई और यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी। पूछताछ में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की उम्मीद है।

नशे के धंधे में नए चेहरों की एंट्री, पुलिस के लिए बढ़ी चुनौती

पुलिस के इस विशेष अभियान में एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया। ड्रग्स के धंधे में पुराने अपराधियों के साथ अब बड़ी संख्या में नए चेहरे भी सक्रिय होते दिखाई दे रहे हैं। अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए 19 आरोपियों में 16 ऐसे हैं, जो पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। यानी करीब 84 फीसदी आरोपी पुलिस रिकॉर्ड में पहली बार सामने आए हैं। इससे साफ है कि नशे का नेटवर्क नए लोगों को भी तेजी से अपने साथ जोड़ रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन नए लोगों को ड्रग्स की सप्लाई चेन में किसने शामिल किया और इनके पीछे कौन से बड़े सप्लायर काम कर रहे हैं।

Sumant Chaudhary