दल्लूपुरा में डीटीसी की ई-बस ने स्कूटी को मारी टक्कर, छात्रा की मौत

Summary :

East Delhi Crime News  : पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसे स्कूटी पर स्कूल छोड़ने जा रहे उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों स्कूटी से वसुंधरा स्थित स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतका छात्रा की पहचान कायना पाल (12) के रूप में…

East Delhi Crime News  : पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसे स्कूटी पर स्कूल छोड़ने जा रहे उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों स्कूटी से वसुंधरा स्थित स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मृतका छात्रा की पहचान कायना पाल (12) के रूप में हुई है, जबकि घायल चाचा की पहचान गजेंद्र पाल (35) के रूप में हुई है।

डीसीपी (ईस्ट) राजीव कुमार ने बताया कि न्यू अशोक नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर बस चालक एस.के. मुराद (45) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार कायना अपने परिवार के साथ खिचड़ीपुर इलाके में रहती थी और एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह उसके चाचा गजेंद्र पाल स्कूटी से उसे स्कूल छोड़ने के लिए वसुंधरा जा रहे थे। दोनों कोंडली होते हुए दल्लूपुरा की तरफ बढ़ रहे थे। इसी दौरान डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं,  हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने कायना को मृत घोषित कर दिया, जबकि गजेंद्र का उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।इंजीनियर बनना चाहती थी कायना
कायना की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कायना परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी। उसके पिता अमन पाल एक बैंक में मैनेजर हैं।

बता दें कि  परिवार में मां के अलावा आठ साल की छोटी बहन और दो साल का छोटा भाई है। अमन पाल अपने भाई गजेंद्र के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। परिजनों ने बताया कि कायना पढ़ाई में काफी होशियार थी और बड़ी होकर इंजीनियर बनना चाहती थी। बेटी की अचानक मौत से मां को गहरा सदमा लगा है। पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Sumant Chaudhary