Dwarka : जिस बिस्तर का इस्तेमाल लोग आराम करने के लिए करते हैं, उसी के स्टोरेज बॉक्स में गांजे के 49 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। बाहर से सामान्य दिखने वाले इस बिस्तर के भीतर नशे की बड़ी खेप रखी होने का खुलासा द्वारका जिला पुलिस की जांच में हुआ। पुलिस ने तीन चरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 54.375 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्रवाई की शुरुआत नजफगढ़ में एक लावारिस स्कूटी की तलाशी से हुई थी, जिसमें गांजा मिलने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और कथित सप्लाई नेटवर्क तक पहुंची। डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को एसीपी सुभाष मलिक की देखरेख में एएटीएस इंस्पेक्टर मनीष कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को नजफगढ़ की अग्रवाल कॉलोनी स्थित तिरंगा चौक के पास एएटीएस टीम को एक लावारिस स्कूटी मिली, जिसकी डिक्की से 1.855 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले की जांच के दौरान 10 अक्टूबर को इंद्रा मार्केट कॉलोनी निवासी बलबीर (45) को 200 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिले सुराग पर 11 अक्टूबर को मोहन गार्डन के सिद्धार्थ एन्क्लेव स्थित एक मकान में छापा मारा गया। यहां बिस्तर के स्टोरेज बॉक्स में छिपाकर रखे 49 पैकेटों से 52.32 किलोग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने मकान से जुड़ी आरोपी रंजू (35) को भी गिरफ्तार किया। तीनों बरामदगियों में कुल 54.375 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसे पुलिस ने व्यावसायिक मात्रा बताया है। पुलिस के अनुसार, बलबीर पहले भी दो मामलों में संलिप्त रहा है। अब गांजे के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App




