Dwarka Double Murder: द्वारका डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने उत्तम नगर इलाके में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि परिवार का ही अहम सदस्य है। जिसने शराब के नशे में अपने पिता और चाचा की हत्या की। डीसीपी (द्वारका) कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान 22 वर्षीय ईश्वर के तौर पर हुई है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।
डीसीपी ने बताया कि गत चार अप्रैल को उत्तम नगर थाने को सूचना मिली थी कि उत्तम नगर, मोहन गार्डन स्थित एक मकान में दो लोग मृत पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कमरे में दो शव पड़े हुए थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच में कमरे का सामान अस्त-व्यस्त मिला और वहां शराब की बोतलें बिखरी हुई थी। पुलिस ने कमरे में मौजूद दस्तावेजों से मृतकों में 50 वर्षीय देवेंद्र कुमार और उनके छोटे भाई 48 वर्षीय अमित की पहचान की। मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीमों को बुलाया गया और सबूत जुटाए।
रिपोर्ट में खुलासा पीट पीटकर मारा
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दोनों की मौत अंदरूनी चोटों के कारण हुई, जो उन्हें बुरी तरह पीटे जाने से लगी थी। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज जांच शुरू की। पुलिस की प्राथमिक जांच के दौरान पता चला कि देवेंद्र कुमार ईएसआईसी अस्पताल में नौकरी करता था। मार्च माह में वह अपने भाई अमित और बेटे ईश्वर के साथ इस मकान में किराए पर रहने आए थे। मकान मालिक नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि तीन अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे उन्हें घर में झगड़े की सूचना मिली थी। जब वह अपने बेटे के साथ वहां पहुंचे, तो ईश्वर नशे की हालत में मिला।
उन्होंने उसे समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की और कुछ देर बाद लौट गए। मकान मालिक के जाने के कुछ ही देर बाद बाप-बेटे में विवाद इतना बढ़ गया कि ईश्वर ने अपने पिता और चाचा की पीट पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मोहन गार्डन थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय इनपुट्स के आधार पर लगातार छापेमारी के बाद आरोपी को गत सात अप्रैल को मोहन गार्डन इलाके से दबोच लिया। पूछताछ में उसने पिता व चाचा की हत्या करने की बात कबूल कर ली है।


Download Android App
Download iOS App




