दुष्कर्म कर जलाने का प्रयास नाकाम

Summary :

NULL

पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ में उस नाबालिग लड़की की हालत स्थिर बतायी गई है जिसे कथित रूप से बलात्कार के बाद आग लगा दी गई थी। पीड़ित लड़की को बोकारो जनरल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। कार्यवाहक सिविल सर्जन बी के सिंह ने बताया कि लड़की की स्थिति स्थिर है जो 70 प्रतिशत झुलस गई थी।

पुलिस ने बताया कि लड़की को शुरू में उसके रिश्तेदारों ने मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था और बाद में कल उसे पश्चिम बंगाल के मालदा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया था। उसे कल देर रात बोकारो अस्पताल ले जाया गया।

पाकुड़ जिले के वरिष्ठ अधिकारी कल उसे देखने जंगीपुर के नर्सिंग होम गए थे। इन अधिकारियों में उपायुक्त दिलीप कुमार झा , पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार बरनवाल और जिला सिविल सर्जन डा. बी मरांडी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन उसके इलाज का खर्च वहन करेगा। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ने लड़की के परिवार के सदस्यों को उसके चिकित्सा खर्च के लिए 30 हजार रूपये का चेक भी सौंपा।

घटना गत शुक्रवार को उस समय हुई जब वह अपने घर पर अकेले थी और आरोपी को कल गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि जब पीड़िता ने कहा कि वह घटना के बारे में अपने परिवार के सदस्यों को सूचित करेगी तो आरोपी ने उस पर केरेासिन का तेल डालकर आग लगा दी। पीड़िता की आवाज सुनकर उसके पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे जंगीपुर नर्सिंग होम ले गए। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने कल पीड़िता का बयान दर्ज किया।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक  करें।

Desk Team