राजधानी दिल्ली के डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में शनिवार सुबह आग लगने की मामूली घटना हुई। अस्पताल कर्मचारियों ने जल्दी ही आग पर काबू पा लिया और इस घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ है। आग लगने पर ऐहतियात के तौर पर 200 से अधिक मरीजों को तुरंत हटाकर ट्रामा सेंटर और अन्य स्थानों पर सुरक्षित ले जाया गया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन और सचिव प्रीति सूदन ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अस्पताल का दौरा किया और आग लगने की स्थिति की जानकारी ली। डा. हर्षवर्धन ने आग लगने की वजह से हटाये गए मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर जानकारी भी ली।
आग लगने के बाद से स्थिति नियंत्रण में है और आपात सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं। आग की वजह से अस्पताल में विद्युत आपूर्ति को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था जिसे अब चालू कर दिया गया है। सघन चिकित्सा केंद्र, की सेवा फिर शुरू हो गई है और वहां मरीजों को लाया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



